जयपुर , जून 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, नीतिगत अव्यवस्था और खराब आर्थिक हालात जैसी अनेक चुनौतियों से बाहर निकालकर अपने दूरदर्शी विजन से 12 वर्षों में शासन, विकास और जनकल्याण के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।
श्री शर्मा श्री मोदी के सेवा, सुशासन और लोक कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर शनिवार को यहां मीडिया से संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने सबसे लम्बे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की असाधारण उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में हमारा देश देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, नीतिगत अव्यवस्था और खराब आर्थिक हालात जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे समय पर प्रधानमंत्री ने जिम्मेदारी संभाली और देश को इन चुनौतियों से बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति प्रदान की। इसी वजह से आज भारत रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फार्मा जैसे अनेक क्षेत्रों में विनिर्माण और निर्यात के नए रिकॉर्ड बना रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ हुआ है तथा शासन में गतिशीलता, निर्णयों में पारदर्शिता और नीतियों में दूरदर्शिता की बदौलत भारत विश्व की सबसे तेज़ी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री ने प्रधान सेवक के रूप में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया है। देश के करोड़ों लोगों तक पहली बार बड़े स्तर पर पक्के घर, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंच पाई हैं। इसी प्रकार, करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोलकर सरकारी मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पहली बार 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त राशन की सुविधा मिली और 60 करोड़ से अधिक गरीबों को पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का भरोसा। प्रधानमंत्री की इन्हीं पहलों की बदौलत 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से उबर पाए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित