बरनाला , फरवरी 28 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सम्पत्तियों को बेचने के साथ ही राष्ट्रीय हितों से समझौता किया है।
श्री खड़गे ने यहां किसान रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी को 'सरेंडर मोदी' निरूपति करते हुए आरोप लगाया कि वह विदेशों में जाकर विदेशी शक्तियों के समक्ष झुकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं और देश के हितों को उनके हाथों बेच रहे हैं।
श्री खड़गे ने शहीद भगत सिंह की विरासत का हवाला देते हुए कहा कि आज देश को फिर से शोषण से मुक्त कराने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक बड़ी लड़ाई की जरूरत है। उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह और सरदार अजीत सिंह को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके दिखाये रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि इसी पंजाब की मिट्टी ने शहीद भगत सिंह जैसे सपूत दिये, जिनका सपना शोषणमुक्त समाज का था। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग आज भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद का नाम लेते हैं, वे उनके आदर्शों के ठीक उलट काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस आज भी उसी एकता और भेदभाव रहित संदेश पर चल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश के सार्वजनिक उपक्रमों, जमीन और जंगलों को बेच रही है। उन्होंने कहा, " मोदी जी छाती पीटकर भाषण तो बहुत देते हैं, लेकिन उन्होंने धरातल पर गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। "श्री खड़गे ने पंजाब के लुधियाना और वहां के लघु उद्योगों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण स्थानीय कृषि पैदावार और टेक्सटाइल/ लेदर उद्योग संकट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी माल (अमेरिका के उत्पाद) को भारत में डंप किया जा रहा है, जिससे स्थानीय किसानों और छोटे व्यापारियों की कमर टूट रही है।
पंजाब में बढ़ते नशे के प्रचलन पर श्री खड़गे ने गंभीर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती इलाके 50 किलोमीटर तक केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नियंत्रण में है, फिर भी नशीले पदार्थ पंजाब में कैसे आ रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि या तो सरकार इसे रोकना नहीं चाहती या फिर वह इसका समर्थन कर रहे हैं। श्री खड़गे ने कहा, " अगर सरकार सतर्क हो, तो नशे का कारोबार दो मिनट में बंद हो सकता है। "संविधान और लोकतंत्र को बचाने की अपील करते हुए श्री खड़गे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे एकजुट होकर भाजपा की 'बी-टीम' को पंजाब से उखाड़ फेंकें। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना जरूरी है, और कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो किसानों, दलितों और मजदूरों के लिए लड़ रही है।
उन्होंने मंच से युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, " पंजाब सुरक्षित है, तो देश सुरक्षित है।"कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी नेता राहुल गांधी के संघर्ष का जिक्र करते हुए जनता से अपील की कि वे ऐसे नेता का समर्थन करें जो संविधान की रक्षा के लिए लड़ रहा हो। उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल की उपलब्धियों की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बड़े-बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बनाये, जबकि मोदी सरकार जमीन, जंगल और सार्वजनिक क्षेत्रों को एक-एक करके बेच रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा जैसे गरीब कल्याण के कार्यक्रमों को खत्म करना चाहती है।
श्री खड़गे ने जनता से अपील की कि वे श्री गांधी का साथ दें, जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, " जो नेता दलितों, पिछड़ों और किसानों के लिए लड़ता है, उसे मजबूत करना हर नागरिक का धर्म है। "उन्होंने 'जय जवान-जय किसान' का नारा बुलंद करते हुए कहा कि पंजाब देश की ढाल है। यदि पंजाब सुरक्षित और एकजुट रहेगा, तभी सारा देश एक रहेगा। उन्होंने आगामी चुनावों में भाजपा और उसकी सहयोगी टीमों को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित