यरुशलम , फरवरी 25 -- इजराइली संसद नेसेट के अध्यक्ष अमीर ओहाना ने भारत को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारफी करते हुए बुधवार को कहा कि उन्होंने "जय हिंद" को नया अर्थ दिया है।

इजराइली संसद में प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए श्री ओहाना ने कहा कि श्री मोदी के लिए नेतृत्व का मतलब केवल एक देश का प्रशासन नहीं, बल्कि एक विशाल राष्ट्र को प्रेरित करना रहा है। उन्होंने कहा, "इसी दृढ़ विश्वास के साथ उन्होंने भारत को रूपांतरित किया है। उन्होंने जन स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और अवसंरचना के परिदृश्य को नया रूप दिया। उन्होंने डिजिटल क्रांति को गति दी है और आर्थिक सुधार तथा समावेशन में ऐतिहासिक प्रगति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाया और करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है। ऐसा करते हुए उन्होंने "जय हिंद" शब्दों को नया अर्थ दिया है।"उन्होंने याद किया कि किस प्रकार दो सहस्राब्दियों से अधिक समय तक भारत ने यहूदियों को घर और "हमारे सबसे अंधकारमय समय में" शरण दी। भारत के प्राचीन यहूदी समुदायों ने इस भूमि और इस देश (इजरायल) के निर्माण में योगदान दिया और वे आज भी भारत की संस्कृति, व्यंजन और गर्मजोशी से इसे समृद्ध कर रहे हैं।

श्री ओहाना ने संसद के समक्ष इस बात का भी उल्लेख किया कि साल 2017 में इजरायल की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बनकर श्री मोदी ने इतिहास रचा था। उन्होंने कहा, "नेसेट को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें फिर से इतिहास रचते देखना मेरा सौभाग्य है।"उन्होंने कहा कि श्री मोदी की पहली यात्रा से अब तक दोनों देशों के बीच हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है, विशेष रूप से सुरक्षा और प्रौद्योगिकी में।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित