जयपुर] , जुलाई 06 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू- कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त कर प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया है। श्री दिलावर ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को अपने जयपुर स्थित राजकीय आवास पर डॉ मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि दी और यह बात कही। इस अवसर पर श्री दिलावर ने डॉ मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि डॉ मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने की संसद में जोरदार वकालत की थी। उन्होंने कहा कि डॉ मुखर्जी अपने संकल्प को पूरा करने के लिए 1953 में बिना परमिट लिए जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकल पड़े वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और 23 जून 1953 को जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गयी। जेल में डॉ मुखर्जी के निधन ने देश को हिला कर रख दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को लेकर एक नारा दिया था, "नहीं चलेगा एक देश में दो विधान दो प्रधान और दो निशान।"श्री दिलावर ने कहा कि आज श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में डॉ मुखर्जी की जन्मस्थली पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बन गयी है। उन्होंने कहा कि डॉ मुखर्जी के सपनों को भाजपा लगातार साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी थे और हमें उनके जीवन से राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित