नयी दिल्ली , मई 30 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गोवा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य तथा देश के विकास में योगदान की सराहना की।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "गोवा राज्य स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। गोवा की जीवंत संस्कृति, समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और यहां के सौहार्दपूर्ण लोग व्यापक रूप से प्रसिद्ध हैं।"उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी लोगों को कृतज्ञतापूर्वक याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने गोवा की प्रगति और उसकी विशिष्ट पहचान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गोवा आगे भी निरंतर प्रगति करता रहेगा और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने राज्य के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की भी कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित