नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक दुर्गा पंडाल में शनिवार शाम को मची भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जतायी है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि कोलकाता में भगदड़ की घटना बेहद दुखद है। उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
श्री मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
इस घटना में 35 लोगों के घायल होने और 17 लोगों की कुचलने से मौत होने की खबर सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित