गोगामुख/डिब्रूगढ़ , अप्रैल 01 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार की हैट्रिक (लगातार तीसरी जीत) का दावा करते हुये कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में ब्रह्मपुत्र नदी के दोनों किनारों को जोड़ने के लिए केवल तीन पुल बनाए, जबकि भारतीय जनता पार्टी-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (भाजपा-राजग) की 'डबल इंजन' की सरकार ने पिछले 11 वर्षों में पांच नए पुलों का निर्माण कर लोगों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि बोगीबील पुल और भूपेन हजारिका सेतु जैसी परियोजना ने असम के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

श्री मोदी ने कहा कि पहले सर्वानंद सोनोवाल और अब हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम की जनता ने पिछले 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चुनाव 'विकसित असम से विकसित भारत' बनाने का चुनाव है।

श्री मोदी ने जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को भाजपा-राजग की जीत का संकेत बताते हुए कहा कि इस बार राज्य में "हैट्रिक" तय है, जबकि कांग्रेस को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी 'हार का शतक' बनाने की ओर बढ़ रही है।

असम चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद पहली जनसभा का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार सेवा करने का अवसर मिला है और अब असम में भी भाजपा सरकार तीसरी बार बनने जा रही है।

श्री मोदी ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा, "आज असम की जनता के सामने मैं कांग्रेस की एक चाल का पर्दाफाश करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव से पहले कांग्रेस की केंद्र सरकार ने एक सांप्रदायिक हिंसा (कम्यूनल वायलेंस) कानून बनाने का प्रयास किया था। इसका मकसद था अपने पक्के वोटबैंक का तुष्टिकरण करना। इस विधेयक में बहुसंख्यकों को दंगे के लिए जिम्मेदार माना गया था और धार्मिक अल्पसंख्यकों को पीड़ित मान लिया गया था। यह विधेयक अपने आप में सांप्रदायिक था, इसलिए भाजपा-राजग ने संसद में यह कानून नहीं बनने दिया।"श्री मोदी ने कहा कि अब 12 साल बाद कांग्रेस... यहां असम में भी उसी तरह का कानून बनाने की घोषणा कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई मेरा आरोप नहीं है... बल्कि खुद कांग्रेस के नेता खुलेआम यह घोषणाएं कर रहे हैं। इससे यह एकदम साफ हो जाता है कि कांग्रेस अब सत्ता पाने के लिए कुछ भी कर सकती है।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुये कहा कि कांग्रेस असम में विदेशियों को बसाना चाहती है और यहां की मूल लोगों को अल्पसंख्यक बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा-राजग सरकार... किसानों, आदिवासियों और हमारे जंगल की जमीन को घुसपैठियों के कब्जे में नहीं रहने देगी। उन्होंने कहा कि अवैध कब्ज़े के खिलाफ भाजपा-राजग सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा, "असमिया शान और पहचान बनी रहेगी... यह मोदी की गारंटी है।"इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने डिब्रूगढ़ दौरे के दौरान एक चाय बागान का भी दौरा किया और वहां काम कर रही महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि असम की चाय यहां की आत्मा है, जिसने दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने चाय बागान के श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण ने असम का गौरव बढ़ाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित