अजमेर , फरवरी 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से केंद्र एवं राज्य सरकार की लगभग 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी और नौ से 14 साल तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।
श्री मोदी ने कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब 16,686 करोड़ रुपये की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लगभग 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। इन विभागों में शहरी विकास, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, ऊर्जा, जल संसाधन एवं उद्योग आदि शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब 8,132 करोड़ रुपये की नौ प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में दो का शिलान्यास और सात का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री ने 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लगभग 1,207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक चार लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक आठ लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।
इसी तरह जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पम्प होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक एक हजार 243 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन एलीवेटेड रोड एवं बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग का शिलान्यास भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित