'चेन्नई , अप्रैल 18 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली से तमिलनाडु पर शासन करने की कोशिश कर रही है।
तिरुवल्लूर जिले के पोनेरी में 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री गांधी ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ 'समझौता' कर चुके हैं, उसी तरह वे तमिलनाडु में भी एक ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं जो उनके आगे नतमस्तक रहे। भाजपा तमिलनाडु में एक ऐसा साझेदार चाहती है जो राज्य की सत्ता की चाबी दिल्ली को सौंप दे। उन्होंने कहा, "वे एक ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं जो श्री मोदी और श्री शाह के आदेशों पर चले। श्री ट्रंप ने जिस तरह मोदी के साथ तालमेल बैठाया है, भाजपा तमिलनाडु में वैसा ही 'समझौतावादी' मुख्यमंत्री चाहती है।"पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य के प्रमुख विपक्षी दल अन्नाद्रमुक की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पार्टी अब भाजपा और आरएसएस की पूरी तरह से गुलाम बन चुकी है। उन्होंने कहा, "भाजपा ने अन्नाद्रमुक को नष्ट कर दिया है। अब वहां केवल एक खोखला खोल बचा है। जिस अन्नाद्रमुक की तमिल परंपराओं की रक्षा करने की अपनी एक महान विरासत थी, वह बहुत पहले खत्म हो चुकी है। नयी अन्नाद्रमुक केवल एक मुखौटा है, जिसके पीछे भाजपा का असली चेहरा छिपा है।" उन्होंने जनता को आगाह किया कि अन्नाद्रमुक के नेता भ्रष्टाचार के कारण मोदी और शाह के नियंत्रण में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित