जयपुर , जून 24 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार जुलाई को जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण का शिलान्यास करेंगे।

श्री शर्मा बुधवार को सांगानेर स्टेडियम में लगभग 631 करोड़ रुपये के 1538 विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास एवं पट्टा वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत की इस मेट्रो लाइन में प्रह्लादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक के कार्यादेश भी जारी किये जा चुके हैं। यह परियोजना यातायात को अधिक सुगम बनाने, समय की बचत सुनिश्चित करने और राजधानी के समग्र शहरी विकास को नयी गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने गत 12 वर्षों में ऐसी कई महत्वपूर्ण पहल की है, जिनसे हमारे शहर विकास के इंजन बन रहे हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 'सभी के लिए आवास' का संकल्प पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से जहां लाखों ठेला-रेहड़ी वालों का जीवन संवर रहा है, वहीं अमृत योजना के माध्यम से शहरों में साफ पानी, सीवरेज कनेक्शन और पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन में शौचालय सुविधाओं एवं ठोस कचरा प्रबंधन में भी अभूतपूर्व कार्य हुआ है।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में बिजली-पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सुगम उपलब्धता एवं नागरिक सेवाओं के विस्तार पर प्राथमिकता से कार्य करते हुए अंतिम छोर के व्यक्ति को राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जयपुर में परिवहन से लेकर सफाई व्यवस्था को हाईटेक करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय किये गये हैं, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और उन्नयन होगा, जिससे क्षेत्र के आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की 8 करोड़ जनता की सेवा और कल्याण के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित