नयी दिल्ली , अप्रैल 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को कांग्रेस की गिरती राजनीति की पराकाष्ठा करार दिया है और उनके बयान के लिए कांग्रेस तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की है।
श्री नवीन ने मंगलवार रात सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि श्री खरगे द्वारा श्री मोदी के लिए 'आतंकवादी' जैसे शब्दों का प्रयोग कांग्रेस की गिरती हुई राजनीति की पराकाष्ठा है। यह केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं बल्कि उन 140 करोड़ देशवासियों के जनादेश का भी अनादर है, जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपना विश्वास व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस विकास और तथ्यों के प्रश्नों पर घिरती है, श्री गांधी, श्रीमती सोनिया गांधी और उनके शागिर्द मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं। जब देश की नारी शक्ति कांग्रेस से अपने अधिकारों का हिसाब मांग रही है, तब इस तरह के स्तरहीन बयान सामने आना उसकी हताशा को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित