गुरुग्राम , अक्टूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर बुधवार को गुरुग्राम में आयोजित 'सेवा ज्योति यात्रा' कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सात अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है।
श्री शाह ने कहा कि गरीब परिवार में जन्मे एक व्यक्ति ने अपने गुणों के बल पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 वर्षों तक लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कहा, " वह व्यक्ति हमारे प्रिय नेता नरेन्द्र मोदी हैं। जबभी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।"उन्होंने कहा कि यह यात्रा गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद के खात्मे, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर निर्माण है। साथ ही देश में मजबूत बुनियादी ढांचे के विकास और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम भी इस अवधि में हुआ है।
हरियाणा भाजपा की प्रभारी बनने के बाद पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पहली बार राज्य पहुंची। उन्होंने गुरुग्राम में श्री शाह के साथ सेवा ज्योति यात्रा में हिस्सा लिया। पार्टी ने 23 सितंबर को उन्हें हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया था। इससे पहले 27 सितंबर को भिवानी में आयोजित सम्मेलन में उनके पहुंचने की जानकारी थी, लेकिन वह उस कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं। इसके बाद जींद में सेवा ज्योति यात्रा में उनके शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वह गुरुग्राम पहुंचीं। उनके साथ पार्टी के सह प्रभारी भोला सिंह भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित