हरिद्वार , अक्टूबर, 12 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूरी की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए भी मां गंगा से आशीर्वाद मांगा। हरिद्वार में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा पूजन एवं आरती में प्रतिभाग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित