हल्द्वानी , सितम्बर 30 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को हल्द्वानी के बीएलएम एकेडमी, गौरापड़ाव में "25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत" कार्यक्रम की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बताया कि 25, 26 एवं 28 सितम्बर को नैनीताल जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में व्यापक स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई गईं। जिले के लगभग 95 प्रतिशत विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यालय स्तर पर बच्चों का चयन हुआ। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 बच्चे जिला स्तरीय कार्यशाला के लिए चुने गए।

कार्यशाला में इन बच्चों ने भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. रावत ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। श्री रजवार ने कार्यक्रम के तहत जिले में अब तक हुई विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की। इस कार्यशाला में करीब 800 बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, पेयजल अनुश्रवण समिति के दिनेश आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यशाला के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सपनों को मंच देते हुए "25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित