उत्तरकाशी , जून 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव हासिल करने के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में बुधवार को विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।
इस दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।
श्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम कर रहे हैं। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में मंगलवार को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण हो गये।
गंगोत्री मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान विधायक सुरेश सिंह चौहान ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व तथा देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके उपरांत आयोजित भव्य गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा युवाओं के लिए अवसर सृजन जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित