बीकानेर , जुलाई 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरियाणा प्रभारी एवं सांसद डॉ सतीश पूनियां ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रिफाइनरी को लेकर दिये बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जीवन में आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं किया और जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरपरस्ती में रिफाइनरी को धरातल पर ला दिया गया तो उनके पेट में दर्द हो गया।
डॉ पूनियां ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम के बाद मीडया से बातचीत में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी से रोजगार के अवसर बढे़ंगे एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था बढ़ेगी और देश की अर्थ व्यवस्था में भी इसका बड़ा योगदान रहेगा।
उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ बयानवीर होते हैं, कुछ घोषणावीर एवं कुछ निठल्ले लोग होते हैं, इसलिए उनके बयानों में कुछ दम होता तो रिफाइनरी का उद्घाटन भी वे ही करते, श्री मोदी नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केवल आश्वासनों के भरोसे इस प्रदेश को जिंदा रखा और अखबारों में बयानबाजी की गयी। जब श्री शर्मा के नेतृत्व एवं श्री मोदी के सरपरस्ती में रिफाइनरी विधिवत शुरू हो गई तो उनके पेट में दर्द शुरू हो गया।
डॉ पूनियां ने कहा कि कांग्रेस कार्ड खेलती रही है, हम कोई कार्ड नहीं खेलते हैं और जनता के विकास के लिए संकल्पित हैं। वर्ष 1994 में श्री भैरों सिंह शेखावत ने जो कोशिश की थी, उसको अमली जामा पहनाने का काम श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की राजस्थान और हरियाणा की दोनों सरकारों ने मिलकर शेखावाटी के लोगों को अद्भुत सौगात दी हैं। उन्होंने कहा कि बात तब करेंगे, जब ये बातें धरातल पर आयेंगी, तब उनको सच्चाई और हकीकत भी बतायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित