जयपुर , फरवरी 01 -- राजस्थान में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ अरुण चतुर्वेदी ने केन्द्रीय बजट को सर्वांगीण कल्याणकारी बजट बताते हुए कहा हे कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को तेजी से साकार करने में कारगर साबित होगा।

डॉ चतुर्वेदी ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस बजट के केंद्र में आमजन है, जिनके सर्वांगीण कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि बजट को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाया गया है। इसमें युवा, महिला, किसान, गरीब, नौकरीपेशा, व्यापारी सहित सभी वर्गों के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इसी दिशा में केंद्रीय बजट में कुशल वित्तीय प्रबंधन की मूल भावना के अनुरूप कई घोषणाएं की गई हैं। इससे आर्थिक सुधारों को अपेक्षित गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बजट में 16वें वित्त आयोग की सिफारिश के अनुरूप वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्यों को एक लाख 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें ग्रामीण, शहरी स्थायी निकाय और आपदा प्रबंधन अनुदान शामिल है। इस प्रकार यह बजट राजस्थान सहित सभी राज्यों के पंचायत एवं शहरी निकायों में अधिक से अधिक सुधारों का मार्ग प्रशस्त करता है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने राज्यों के लिए कर विकेन्द्रीयकरण में 41 प्रतिशत की हिस्सेदारी को स्वीकार कर लिया गया है। इस प्रकार 2026-27 के बजट में राज्यों के लिए कर विकेन्द्रीयकरण जीडीपी का 3.9 प्रतिशत बताया गया है जो कि वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमानों से 1.33 लाख करोड़ रुपये अधिक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित