नयी दिल्ली , जून 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक देश की निरंतर सेवा करने का गौरव हासिल करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा सहित विभिन्न नेताओं ने यहां अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की।
श्री नवीन बुधवार को दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा तथा सांसद बांसुरी स्वराज के साथ यहां के झंडेवालान मंदिर पहुंचे और देवी की पूजा-अर्चना करके श्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। श्री नवीन ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा, " श्री नरेन्द्र मोदी के चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर यहां के प्रसिद्ध झंडेवालान देवी मंदिर में आदि शक्ति मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस पावन अवसर पर मां के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए मैंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।"श्री नड्डा ने कमलजीत सहरावत के साथ यहां स्थित बिरला मंदिर में जाकर पूजा- अर्चना की, जबकि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव यहां के लोधी रोड स्थित साईं बाबा मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, " इस पावन दिन प्रभु से यही प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी प्रकार देश की अनवरत सेवा करते रहें और 140 करोड़ देशवासियों का विकसित भारत का संकल्प सिद्ध हो। "इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह तथा राज्य सभा सांसद स्वाति मालीवाल नयी दिल्ली स्थित महर्षि बाल्मीकि मंदिर पहुंचे और श्री मोदी के लम्बे तथा सफल कार्यकाल के लिए प्रार्थना की। इसके अलावा उत्तर-पूर्व दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने बाबरपुर के कर्दमपुरी स्थित शिव मंदिर पूजा- अर्चना करके प्रधानमंत्री की दीर्घायु होने की कामना की।
दिल्ली भाजपा की महामंत्री एवं सांसद कमलजीत सहरावत आज स्थानीय महिला मंडल एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा द्वारका के अंबरहाई गांव स्थित शिव मंदिर में आयोजित संकीर्तन में शामिल हुईं। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर में शंकर भगवान की पूजा -अर्चना की और श्री मोदी के दीर्घायु होने और उनके लम्बे सफल नेतृत्व काल के लिए प्रार्थना की।
दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दक्षिण दिल्ली के घिटौरनी स्थित शिव मंदिर में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में भी भाजपा नेताओं ने अलग-अलग मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की और श्री मोदी के स्वस्थ रहने एवं दीर्घायु होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित