नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां के राजा जी मार्ग स्थित श्री खरगे के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया और उनसे माफी मांगने की मांग की।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा, पूर्वांचल और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के लगभग 2000 कार्यकर्ता राजा जी मार्ग पर स्थित सेना भवन के पास एकत्र हुए और वहां श्री खरगे के निवास की ओर नारे लगाते हुए मार्च प्रारम्भ किया। पुलिस ने कुशक रोड़ मोड़ पर बैरिकेड्स लगा कर रोकने का प्रयास किया जिसे तोड़ कर कार्यकर्ता आगे बढ़े तो सेना भवन के पास भारी पुलिस बल ने उन्हे बलपूर्वक रोक दिया। वहां से श्री मल्होत्रा सहित लगभग 200 वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत लेकर मंदिर मार्ग थाने ले गयी।
इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, महामंत्री मोहनलाल गिहारा, संयुक्त मोर्चा प्रभारी सुमित भसीन, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, ओबीसी मोर्चा ते अध्यक्ष संतोष पाल, प्रदेश मंत्री रोहित चहल सहित कई अन्य आला नेता शामिल थे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि श्री खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। उसी बात को लेकर हम आज उनके घर पर आए हैं और उनसे यह कहने आए हैं कि श्री मोदी केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता ही नहीं हैं, बल्कि वे पूरे विश्व के शीर्ष नेताओं में से एक हैं और भारत के प्रधानमंत्री हैं। श्री खरगे को उनके द्वारा की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगनी होगी।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि कुछ महीने पहले इन्होंने दिल्ली को बंद करने का प्रयास किया, जिससे दिल्ली का पूरा व्यापार प्रभावित हुआ। आज भी बिना कानून की परवाह किए लगातार दिल्ली में, कनॉट प्लेस सहित विभिन्न स्थानों पर कानून तोड़ते हुए धरना-प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं। उपद्रवी और अराजक तत्वों को लेकर ये प्रयास कर रहे हैं कि दिल्ली और देश में अराजकता फैलाई जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित