उदयपुर , सितंबर 05 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है और अब विकास की इस रफ्तार को और तेज करने के लिए डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है।

श्री शर्मा शनिवार को उदयपुर में नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों के समर्थन में सूरजपोल चौराहे से लेकर देहली गेट तक रोड शो किया। इस दौरान जगह-जगह आमजन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने भी फूल बरसाकर जनसमूह का अभिनंदन किया। रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

बैंक तिराहे पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार के बाद निकायों में भी भाजपा का बोर्ड बनेगा, तो विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन और तेजी से होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महज ढाई वर्ष में अपने संकल्प पत्र के लगभग 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। सरकार ने उदयपुर में 12 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। सुगम परिवहन के लिए ई-बसों की सौगात दी गई है। वहीं, युवाओं को रोजगार, किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और गरीबों के कल्याण के साथ ही बिजली, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काम हुआ है।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने विकास, तो वहीं कांग्रेस ने तुष्टिकरण को अपनी राजनीति का आधार बनाया है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, यही कारण है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार करने वाले मंत्री और अधिकारी आज सलाखों के पीछे हैं।

श्री शर्मा ने उदयपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि आने वाले निकाय चुनाव में सभी वार्डों में कमल खिलाएं और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर उदयपुर के विकास को नई गति दें। उन्होंने कहा कि यह चुनाव उदयपुर के भविष्य और विकास की दिशा तय करेगा। जनता के समर्थन से विकसित भारत, विकसित राजस्थान और विकसित उदयपुर का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां बताएं।

रोड शो में जनजातीय मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, उदयपुर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलचंद मीणा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ तथा अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित