जयपुर , मई 23 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नियमित समयानुसार समय सारणी बनाकर नियुक्तियां प्रदान की जा रही है ताकि राष्ट्र निर्माण में वह अपना सहयोग देकर 2047 के विकसित भारत में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सके।

श्री वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल माध्यम से 19वें रोजगार मेले को संबोधित करने के अवसर पर शनिवार को जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर यह बात कही। उत्तर पश्चिम रेलवे के तत्वाधान में आयोजित रोजगार मेले का आयोजन राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में किया गया। इन रोज़गार मेलों में नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

जयपुर में श्री वैष्णव तथा पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जयपुर में 420 उम्मीदवारों को व्यक्तिगत एवं वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्री वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में रेलवे पर एक लाख 60 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया हो रही है। रेलवे में भर्ती प्रक्रिया के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा वार्षिक कैलेंडर की व्यवस्था की गई है जिसके अनुसार वर्ष में चार बार विभिन्न पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाता है तथा टाइम टेबल के अनुसार भर्ती प्रक्रिया क्रियान्वित होती है।

उन्होंने रेलवे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता के बारे में बताते हुए कहा कि समयानुसार इसमें अनेक सुधार किए गए हैं जैसे सिंगल रजिस्ट्रेशन, एसएमएस व ईमेल अलर्ट, सीबीटी आधारित परीक्षा, आंसर की जारी करना आदि सम्मिलित है। राजस्थान के लिए रेल विकास के बारे में भी उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में बड़े पैमाने पर रेल परियोजनाएं प्रगति पर है जिसमें स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनें, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन के कार्य किए जा रहे हैं इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कार्यों के पूरा होने पर आने वाले समय में 200 नई ट्रेनों का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा। नवनियुक्त युवाओं को उन्होंने राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम का मूल मंत्र देते हुए कहा कि हमें विकसित भारत के लिए पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना है।

इस अवसर पर पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत एक बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री का विकसित भारत का विजन और जो आज नौकरी लगेंगे वह निश्चित रूप से विकसित भारत के साक्षी भी बनने जाएंगे। उन्होंने राजस्थान में रेल विकास के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि वर्तमान में अलवर सहित पूरे राजस्थान में रेल विकास कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित