चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- हिंदुस्तान स्टूडेंट्स एसोसिएशन से पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में जुड़े 200 से अधिक छात्रों और युवाओं ने शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

श्री सैनी ने युवाओं का भाजपा परिवार में गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि उनका यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच में विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार से लेकर मुद्रा योजना, स्टार्ट-अप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए व्यापक रोजगार और उद्यमिता के अवसर सृजित किए हैं।

हरियाणा में पारदर्शी शासन के मॉडल को रेखांकित करते हुए सैनी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में हरियाणा में दो लाख से अधिक सरकारी नौकरियां बिना "पर्ची और खर्ची" के, केवल मेरिट के आधार पर प्रदान की गई हैं। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और खेल, कौशल विकास तथा विदेश रोजगार पहलों के माध्यम से युवा सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।

पंजाब के युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए सैनी ने विश्वास जताया कि पंजाब में भाजपा एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने नये सदस्यों से पार्टी को और सशक्त बनाने तथा प्रगतिशील और भ्रष्टाचार-मुक्त पंजाब के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित