वाराणसी , अप्रैल 28 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज पूरा हिंदुस्तान महिला नेतृत्व को आगे बढ़ते देखना चाहता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 'विमेन डेवलपमेंट' से आगे बढ़कर 'विमेन लीड डेवलपमेंट' की दिशा में अग्रसर है।

श्री नवीन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की करोड़ों माता-बहनों को सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन देने तथा उनके जीवन में व्यापक बदलाव लाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल समाज को जोड़ने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि निर्णायक नेतृत्व भी दे रही हैं। आईटी सेक्टर से लेकर ओलंपियाड, खेल से लेकर शोध के क्षेत्र तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी प्रधानमंत्री के नेतृत्व का प्रतिफल है।

श्री नवीन ने कहा कि आज जब हिंदुस्तान कृषि से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री देश को 'विमेन लेड डेवलपमेंट' की ओर आगे ले जा रहे हैं। इससे देश की आधी आबादी स्वाभिमान और समृद्धि के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो रही है।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय योजना और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सम्मान और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय जोड़ा है। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान ने भी महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा तीन तलाक समाप्त करने का निर्णय महिलाओं के सम्मान से जुड़ा ऐतिहासिक कदम था। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का संकल्प भी निश्चित रूप से सिद्धि तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित