उज्जैन , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पवित्र शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल महालोक में 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। आयोजन में करीब 25 हजार स्वयंसेवकों ने भाग लिया और आयोजकों के अनुसार करीब तीन मिनट में 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने रामघाट पर 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के बाद सायरन बजाया गया और करीब 25 हजार स्वयंसेवकों ने शिप्रा नदी के दोनों तटों तथा महाकाल महालोक में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट सहित शिप्रा तट दीपों से जगमगा उठे। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने शिप्रा आरती में शामिल होकर मां शिप्रा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कार्तिक मेला मैदान में स्वयंसेवकों ने दीपों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र भी बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित