रायपुर , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए इस वर्ष का जन्मदिन विशेष है, क्योंकि शासन प्रमुख के रूप में उनकी सेवा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और वर्तमान में प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांवों और शहरों में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। श्री साव ने दावा किया कि देश के 140 करोड़ लोगों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपना स्नेह और समर्थन व्यक्त किया है।

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर लोग प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं कांग्रेस इससे परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक परिवार तक सीमित राजनीति करती रही है और उसे प्रधानमंत्री को मिल रहा जनसमर्थन उन्हें रास नहीं आ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित