बहराइच , सितम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर जिले में सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का संदेश उस समय दीपों की रोशनी में नजर आया, जब जिले के 40 से अधिक प्रमुख सरोवरों, मंदिरों और स्मारक स्थलों पर ''आशीर्वाद का दिया'' कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव आयोजित किया गया। चित्तौरा झील का तट इस आयोजन का मुख्य केंद्र रहा, जहां सैकड़ों दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को आलोकित कर दिया। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ''विकसित भारत-2047'' के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ''सेवा संकल्प अभियान'' का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर ''आशीर्वाद का दिया'' कार्यक्रम को जनभागीदारी और सांस्कृतिक भावनाओं से जोड़ते हुए विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

मुख्य कार्यक्रम चित्तौरा झील के तट स्थित महाराजा सुहेलदेव जी स्मारक स्थल पर आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने एमएलसी पदमसेन चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता तथा अन्य जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित