चंडीगढ़ , जुलाई 16 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। कार्यक्रम स्थल पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। सुरक्षा की कमान स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने संभाल ली है, जबकि चंडीगढ़ पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने संयुक्त रूप से शहरभर में व्यापक सर्च अभियान चलाया।

पेक के तीनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गयी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीवीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन निकासी, सुरक्षा घेरा और अन्य संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की विशेष टीमों ने सेक्टर-26 की बापूधाम कॉलोनी, दद्दू माजरा, कचेहरी, मौली जागरां और राम दरबार सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय होटल, सराय और किराएदारों का सत्यापन भी किया गया।

शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां आने वाली ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की जांच की गयी। कई यात्रियों से आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र दिखाने को कहा गया। रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर बनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित