वाराणसी , अक्टूबर 26 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कचहरी स्थित पार्टी के जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और राहुल गांधी तथा खड़गे के पुतले फूंके।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल की मौजूदगी तथा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। युवा, महिला और अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।

श्री पटेल ने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारों के आधार पर होना चाहिए, अमर्यादित शब्दों के जरिए नहीं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे और कांग्रेस के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने भी टिप्पणी की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही तय करने की मांग की। महापौर अशोक कुमार तिवारी तथा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव ने भी राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों की आलोचना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित