देहरादून, अप्रैल 13 -- उत्तराखंड के देहरादून में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत पुलिस ने सुरक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल तथा सम्पूर्ण वीवीआईपी रूट पर सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित किये गये हैं।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल स्वंय ग्राउण्ड जीरो पर मौजूद रहकर सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, और लगातार अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जिले में नगर से देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दिन-रात लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा जिले की सीमावर्ती चैकपोस्टों और आन्तरिक मार्गों पर लगातार पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच सुनिश्चित की जा रही है । जांच के दौरान संदिग्ध मिले व्यक्तियों को थाने लाकर उनके सत्यापन की कार्रवाई भी की जा रही है।
देहरादून पुलिस के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए जिले के नगर तथा देहात क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाते हुए बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
इसके अलावा सभी होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं आदि की जांच करते हुए वहाँ रुके बाहरी व्यक्तियों के सम्बन्ध में जानकारी जुटाते हुए उनके सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त वीवीआईपी रूट से लगे जंगलों में अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा वन विभाग की टीमों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संदिग्धों की तलाश हेतु लगातार तलाश करना तथा जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित