पटना , मई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने गुरुवार को कहा कि खाड़ी देशों में उत्पन्न तेल संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंधन बचत तथा संसाधनों के संयमित उपयोग के आह्वान को सफल बनाने के लिए बिहार सरकार ने सराहनीय प्रयास किया है।

श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित बिहार सरकार के मंत्रियों ने सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पेट्रोलियम पदार्थों की बचत के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि जनता को जागरूक करने वाला प्रेरणादायी संदेश है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध तथा तनाव के कारण ऊर्जा संकट की चुनौती का सामना पुरी दुनिया कर रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री का देशवासियों से संयम, बचत और राष्ट्रहित में सहयोग का आह्वान उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी सदैव संकट के समय देश को सुरक्षित रखने, आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देने तथा संसाधनों के संतुलित उपयोग के पक्षधर रहे हैं।

श्री पटेल ने कहा कि बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर यह साबित किया है कि नेतृत्व वही प्रभावी होता है जो पहले स्वयं पालन करे और फिर समाज से अपेक्षा करे। उन्होंने कहा कि यह कदम आने वाले समय में आम लोगों के बीच ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री मोदी के आह्वान का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अनावश्यक वाहन उपयोग कम करे, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दे, ईंधन की बचत करे तथा देश की आर्थिक मजबूती में अपना योगदान दे। पेट्रोलियम पदार्थों की बचत केवल आर्थिक विषय नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित