देहरादून , अक्टूबर 26 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के पुतले फूंककर उनके बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा श्री खरगे का ये बयान बताता है कि मुहब्बत की दुकान वालों के मन में मोदी के प्रति कितनी नफरत भरी हुई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे द्वारा श्री मोदी के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी के विरोध में सभी जनपदों में जबरदस्त विरोध जताया। जिसमें कार्यकर्ताओं ने श्री खरगे का पुतला फूंकते हुए, उनके द्वारा किए अपमान के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान एक स्वर में सभी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और श्री खरगे से सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री से अविलंब माफी की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित