बेंगलुरु , मई 10 -- कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से कुछ घंटे पहले उनके तय रास्ते पर जिलेटिन की छड़ों का मिलना सुरक्षा में भारी चूक को दर्शाता है।

श्री विजयेंद्र ने इसे 'सुरक्षा में गंभीर चूक' और 'माफी न देने लायक नाकामी' बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के काफिले के लिए तय सड़क पर विस्फोटक मिलना राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी कमियों को उजागर करता है। उन्होंने इस घटना की पूरी जांच और प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस को 'आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन' केंद्र के पास एक नियमित सुरक्षा जांच के दौरान दो जिलेटिन की छड़ों वाला एक पैकेट मिला। इसी केंद्र पर श्री मोदी को संगठन की 45वीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल होना था।

ये विस्फोटक मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर एक फुटपाथ पर मिले थे, जिससे प्रधानमंत्री के आने से पहले सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इस खतरे के बावजूद श्री मोदी का कार्यक्रम तय समय के अनुसार ही आगे बढ़ा और बाद में उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद विशाल जनसमूह को संबोधित किया।

विस्फोटक मिलने के बाद बेंगलुरु और रामनगर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाया और खुफिया जानकारी के आधार पर कोरमंगला स्थित एक घर से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। संदिग्ध से फिलहाल एक अज्ञात स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित