नयी दिल्ली , मार्च 06 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर अमेरिकी दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में भारत ने अपने फैसले हमेशा खुद लिए हैं लेकिन इधर जिस तरह से अमेरिका के इशारों पर काम हो रहा है उससे लगता है कि हम अपनी कूटनीतिक की गौरवशाली परंपरा को खो रहे हैं।

श्री खरगे ने कहा "भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और राष्ट्रीय संप्रभुता गंभीर खतरे में है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एपस्टीन फाइल्स और अडानी केस को लेकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। रूस से तेल खरीदने की 'अनुमति' देने की अमेरिकी घोषणा, जो कि '30 दिनों की छूट' है, स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि मोदी सरकार लगातार कूटनीतिक स्वतंत्रता खो रही है। इस तरह की भाषा प्रतिबंधित देशों के लिए इस्तेमाल की जाती है, न कि भारत के लिए, जो वैश्विक व्यवस्था में एक जिम्मेदार और समान भागीदार रहा है।"उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सबसे पहले पाकिस्तान के साथ सैन्य कार्रवाई रोकने की घोषणा श्री मोदी के मित्र श्री ट्रम्प ने की, हमने नहीं। उन्होंने कम से कम 100 बार दावा किया है कि सैन्य कार्रवाई उनके कहने पर रोकी गई, प्रधानमंत्री इस पर चुप रहे। उन्होंने भारत को ईरानी तेल न खरीदने के लिए कहा। भारत सरकार मान गई। श्री ट्रम्प ने हमें रूसी तेल न खरीदने के लिए कहा और भारत सरकार ने आयात कम कर दिया। ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा इस शर्त पर आधारित है कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा और श्री मोदी ने इस पर मुहर लगा दी। अब, अमेरिका ने भारत को 'अस्थायी 30 दिन की छूट'दी है और भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की 'अनुमति' दे दी है। व्यापार से लेकर तेल तक, आंकड़ों से लेकर मित्र देशों के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंधों तक, मोदी जी ने सब कुछ त्याग दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित