वाराणसी , अप्रैल 27 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 28 अप्रैल को बरेका परेड ग्राउंड में आयोजित 'जन-आक्रोश महिला सम्मेलन' को देश के प्रधा मंत्री व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। सम्मेलन की पूरी व्यवस्था से लेकर संचालन तक की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि सम्मेलन में 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला मोर्चा की टीमें जिले व महानगर की सभी विधानसभाओं में घर-घर संपर्क कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन की पूरी कमान मातृशक्ति के हाथों में होगी और हर वर्ग की महिलाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री पटेल ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने से महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की महिला विरोधी नीतियों के कारण यह विधेयक कानून नहीं बन सका। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा महिलाओं के समर्थन और विपक्ष के खिलाफ आक्रोश के प्रदर्शन का बड़ा मंच बनेगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि 2026 में प्रधानमंत्री मोदी का यह काशी का पहला दौरा है, जिसमें वे हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित