प्रयागराज , मई 15 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और कम वाहनों के उपयोग की अपील का असर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी दिखाई दिया। शुक्रवार को प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ साइकिल यात्रा निकालकर ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
महापौर गणेश केसरवानी अपने कीडगंज स्थित आवास से सिविल लाइंस स्थित नगर निगम कार्यालय तक साइकिल चलाकर पहुंचे। इस दौरान नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि वैश्विक संकट के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और छोटे-छोटे प्रयास भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन तथा कम ईंधन खर्च वाले साधनों का अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति मिलेगी।
महापौर ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को आर्थिक संकट से बचाने के उद्देश्य से ईंधन बचत का आह्वान किया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि संकट के समय प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और ईंधन बचत को जन आंदोलन बनायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित