पुड्डुचेरी , अप्रैल 04 -- द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद एवं और पुडुचेरी के लिए पार्टी के चुनाव प्रभारी सांसद एस. जगतरक्षकन ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुड्डुचेरी दौरा किसी भी दृष्टिकोण से फायदेमंद नहीं रहा।
श्री जगतरक्षकन ने मीडिया से कहा कि यह कहना मुश्किल है कि मोदी प्रधानमंत्री हैं या अभिनेता। ऐसी उम्मीदें थीं कि श्री मोदी शुक्रवार को अपने दौरे के दौरान कुछ घोषणा करेंगे। उन्होंने हालांकि कुछ नहीं कहा और ऐसा लगता है कि वह चुनाव के समय कोई भी घोषणा करने से डर रहे थे।
उन्होंने कहा, "पिछले पांच सालों में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) नेता और मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने कुछ भी नहीं किया है और अभी भी वही स्थिति बनी हुई है। इसलिए प्रधानमंत्री ने बस भीड़ की ओर हाथ हिलाया और चलते बने।" उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुड्डुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की पुरानी मांग पर मौखिक आश्वासन देने से डर रही है और इसीलिए मोदी ने हाथ हिलाया और चलते बने।
तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) नेता विजय के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पहले ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के संस्थापक और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री मुरुदुर गोपालन रामचंद्रण की फिल्में 100 दिनों तक चलती थीं और लोग उन्हें देखने के लिए इकट्ठा होते थे। श्री विजय राजनीति को सिनेमा की तरह ले रहे हैं। इसलिए वह पुड्डुचेरी आए, एक शो किया और चलते बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित