जालंधर , जुलाई 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 17 जुलाई को जालंधर दौरा पंजाब के विकास, विरासत और आध्यात्मिक चेतना को नयी दिशा देने वाला ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यह दौरा पंजाब के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण है। श्री चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा पंजाब और पंजाबियत को सम्मान दिया है। उनके नेतृत्व में पिछले एक दशक के दौरान राज्य को बुनियादी ढांचे, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं, जिनसे पंजाब में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
श्री चुघ ने कहा कि मोदी सरकार ने सिख इतिहास और आस्था के सम्मान में कई ऐतिहासिक फैसले लिये हैं। श्री हरमंदिर साहिब के लंगर के लिये एफसीआरए पंजीकरण की सुविधा सुनिश्चित की गयी, जबकि दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला गया, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को गुरु घर के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष गरिमा के साथ मनाया गया, जिससे सिख गुरुओं का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा।
भाजपा नेता ने कहा कि वीर बाल दिवस की घोषणा साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्रीय स्मृति में स्थायी स्थान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। इसके अलावा जलियांवाला बाग स्मारक के पुनर्विकास, अफगानिस्तान के सिखों की सहायता, जम्मू-कश्मीर में सिखों के अधिकारों की रक्षा तथा सिख युवाओं के सशक्तिकरण जैसे कदम मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
श्री चुघ ने कहा कि वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली के लिए नयी रेल संपर्क सुविधा शुरू होने से पंजाब के लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक संबंध, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का जालंधर दौरा केवल विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित पंजाब और विकसित भारत के साझा संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित