जयपुर , मई 20 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के हरियाणा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए इसे देश के सर्वोच्च नेतृत्व के प्रति स्तरहीन भाषा का प्रयोग केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान करार दिया है।
डॉ पूनियां ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, किंतु देश के सर्वोच्च नेतृत्व के प्रति इस प्रकार की अशोभनीय टिप्पणी कांग्रेस की हताशा, निराशा और लगातार हो रहे राजनीतिक पतन का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी एवं श्री शाह के प्रति स्तरहीन भाषा का प्रयोग केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख अब मर्यादाओं को लांघने पर उतर आया है, जो न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। श्री राहुल गांधी के इस गैर जिम्मेदाराना व्यवहार को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी, उन्हें तत्काल सार्वजनिक रूप से राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित