जयपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अब भ्रम टूटने वाला हैं क्योंकि अब पूरे मुल्क में लोग समझ गये है।

श्री गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में आप सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय करने संबंधी मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं और लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह मानना पड़ेगा कि सब एजेंसियां इनके काबू में हैं और लोगों पर छापे पड़े। उन्होंने कहा कि इनकी जो यह नीति हैं, इससे ये बड़े खुश हो रहे होंगे, पर पूरा देश देख रहा है कि क्या हो रहा है और श्री मोदी एवं श्री शाह को भ्रम है। अब इनका भ्रम टूटेगा। पूरे मुल्क में लोग समझ गये हैं कि ये हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करते हैं।

श्री गहलोत ने कहा कि इनके यहां वाशिंग मशीन लगी हुई है और भाजपा में आने वाले सब बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। किसी के खिलाफ में कोई मामला ही नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को तोड़ा इन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं मध्यप्रदेश में,और राजस्थान में भी कमी नहीं रखी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ बार बार हमारे ऊपर बयानबाजी करते हैं और वो चाहते हैं कि श्री सचिन पायलट का नाम ले कि लोग मानेसर गए थे। वो चाहते हैं कि नाम ले तो इनकी लड़ाई शुरु हो जाये।

उन्होंने दोष देते हुए कहा, "इन्होंने कितने लोगों के साथ खरीद फरोख्त की बताओ। आपने छोड़ा क्या राजस्थान वालों को। हम तो एकजुट हैं।"उन्होंने कहा कि चुनाव जीतना अलग बात है, पर जो तमाशा कर रहे हैं ये लोग, कहां कहां नहीं हो रहा है। पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है सब देख रहे हैं। इनका लोकतंत्र में विश्वास नहीं है और अगर देश की नई पीढ़ी अभी नहीं समझी, देश वाले नहीं समझेंगे तो सबको भुगतना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित