जयपुर , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है।
एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर आये श्री नवीन ने आज यहां उनके सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत की भूमि पर राजस्थान के लोग संकल्प और समर्पण से संगठन और राज्य को आगे बढ़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से चार मई को मतगणना में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए पश्चिम बंगाल में भगवा फहराएगी।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी और श्री नवीन के नेतृत्व में कार्यकर्ता समर्पण भाव से कार्य करते हुए संगठन की रीति-नीति से राजस्थान को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन के विस्तार और सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंचायत से लेकर संसद तक भगवा लहर है और डबल इंजन की सरकार का फायदा जनता तक पहुंच रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के एक आदेश पर अपनी जी-जान से मेहनत करने के लिए तैयार हैं। इस बार प्रदेश में पांच साल भाजपा पांच साल कांग्रेस का मिथक भी टूटेगा।
इस दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित