पटना , नवंबर 28 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा बिहार में सुशासन को और मजबूत करने की है।
श्री चौधरी ने आज यहां 'आभार कुम्हरार कार्यकर्ता सम्मान समारोह' में कहा कि कुम्हरार का नाम भारत के इतिहास के पन्नों में रहा है। यही वह कुम्हरार है जहां सम्राट अशोक ने अखंड भारत का सपना देखा। उन्होंने कहा कि कुम्हरार के गौरवशाली इतिहास को वापस लाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि राजग सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेगी।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कुम्हरार के मतदाताओं के अलावा बिहार के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के बिहार प्रेम को जनता भी जानती है। श्री मोदी ने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में लगातार बिहार का दौरा किया और सौगात दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास रफ्तार पकड़ चुका है और अब और आगे बढ़ेगा। नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की जोड़ी में बिहार विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचेगा।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पटना के गंगा तट पर मैरीन ड्राइव का निर्माण कराया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नव निर्वाचित विधायक संजय गुप्ता के नेतृत्व में कुम्हरार और तरक्की करेगा और यह विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में नंबर एक बनेगा। उन्होंने सम्राट चौधरी के गृह मंत्री बनाये जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वे कर्मठ और ईमानदार हैं। उनके नेतृत्व में बिहार में अपराध कम होगा और अपराधियों पर अंकुश लगेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित