कोलकाता , अप्रैल 05 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल में एक जनसभा को संबोधित करने के साथ विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।
प्रधानमंत्री आज उत्तरी बंगाल के कूच बिहार के ऐतिहासिक रास मेला मैदान में एक "विजय संकल्प सभा" को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही, चुनावों की घोषणा के बाद पार्टी राज्य के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
यह जनसभा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पार्टी का "जनता का आरोप पत्र" पेश किए जाने के कुछ दिनों बाद हो रही है। श्री शाह ने इस आरोप पत्र में राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएससी) के भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को उजागर किया था।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि श्री मोदी इसी मुद्दे को आगे बढ़ाएंगे और कूच बिहार रैली से "विकसित पश्चिम बंगाल" के लिए पार्टी के दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के अनुसार, प्रधानमंत्री का संबोधन विकास, रोजगार और राज्य की समृद्धि को बहाल करने पर केंद्रित होगा।
श्री मोदी ने 2021 के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी इसी स्थान पर रैलियों को संबोधित किया था।
हालांकि पिछले आम चुनावों में भाजपा ने पूरे उत्तरी बंगाल में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन वह कूच बिहार सीट हार गई थी। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने भाजपा के निशीथ प्रमाणिक को हराया था।
श्री मोदी के कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और केंद्रीय बल, स्थानीय पुलिस तथा विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री दोपहर लगभग दो बजे हेलीकॉप्टर से कूच बिहार हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से रैली स्थल जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित