नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई प्रमुख नेताओं ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा "हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी लगन से देश की सेवा की।"श्रीमती गांधी ने डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्हें उनकी बुद्धिमत्ता, विनम्रता और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। भारत के आर्थिक बदलाव में उनके योगदान और देश के प्रति उनकी सेवा इतिहास का स्थायी हिस्सा है।

श्री खरगे ने कहा कि मनमोहन सिंह के ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास यात्रा को बदल दिया, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की। उनकी विनम्रता, ईमानदारी और विवेक उनके सार्वजनिक जीवन की पहचान रही तथा उन्होंने शांत गरिमा और संवेदनशीलता के साथ नेतृत्व किया। श्री खरगे ने कहा कि डॉ. सिंह की ईमानदार सार्वजनिक सेवा, समावेशी विकास और परिवर्तनकारी सुधारों की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

श्री राहुल गांधी ने डॉ. सिंह को आर्थिक सुधारों का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उन्होंने बुद्धिमत्ता, ईमानदारी और विनम्रता के साथ देश की सेवा की तथा उनकी शांत दृढ़ता और राजनेता के रूप में सूझबूझ ने चुनौतीपूर्ण समय में देश का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास और सार्वजनिक सेवा के प्रति डॉ. सिंह की प्रतिबद्धता लोगों को प्रेरित करती रहेगी।

श्रीमती वाड्रा ने कहा कि कुशल अर्थशास्त्री एवं सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के विकास को असाधारण गति दी और देश की समृद्धि को नए मुकाम पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अपनी दूरदर्शी एवं समावेशी आर्थिक नीतियों के जरिए डॉ. सिंह ने हर तबके को समृद्ध किया और देश के विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

श्रीमती वाड्रा और श्री गांधी के साथ ही कई प्रमुख नेताओं ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री के आवास पर इस दौरान प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें श्री गांधी सहित कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया।

डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने 1991 में शुरू किए गए आर्थिक सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम और सूचना का अधिकार अधिनियम सहित कई महत्वपूर्ण नीतिगत पहलें हुईं। उनका 92 वर्ष की आयु में 26 दिसंबर 2024 को निधन हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित