मोतिहारी , सितंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत गुरुवार को मोतिहारी में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मोतीझील के किनारे अटल पथ (मरीन ड्राइव) पर 25 हजार दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया।
शाम को आयोजित कार्यक्रम में दीपों की रोशनी से मोतीझील का किनारा जगमगा उठा। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं और स्नेह व्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि मोतिहारी की धरती पर आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में लोगों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपने प्रेम और स्नेह का जिस प्रकार प्रकटीकरण किया है, वह अद्वितीय और अविस्मरणीय है।उन्होंने कहा कि आज विश्वकर्मा पूजा का पावन अवसर है और इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। यह संयोग इस आयोजन को और विशेष बनाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित