पटना , अगस्त 04 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मंगलवार को मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में उर्वरकों की कालाबाजारी के मामले सामने आने के बाद जीरो टॉलरेंस नीति के तह्त वहां के जिला कृषि पदाधिकारी को पटना मुख्यालय में योगदान करने के निर्देश दिए हैं।
उनके स्थान पर मृणाल शास्त्री सहायक निदेशक (शस्य) को जिला कृषि पदाधिकारी, मोतिहारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कृषि विभाग से जारी बयान के अनुसार बिहार के मोतिहारी में उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई में छह उर्वरक प्रतिष्ठानों तथा एक बीज विक्रेता एवं कीटनाशी प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, जबकि कई अन्य दुकानों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
कृषि निदेशक बिहार मुकेश कुमार लाल की अध्यक्षता में संयुक्त कृषि भवन मोतिहारी में आयोजित समीक्षा बैठक में लिए गये निर्णय के बाद अधिकारियों ने जिले के विभिन्न उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों पर संयुक्त टीम तथा उड़दस्ता दल के माध्यम से अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की और इस कार्य को अंजाम दिया। इस दौरान कृषि निदेशक ने मोतिहारी में उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और इस कार्रवाई को सुनिश्चित किया।
कृषि मंत्री ने इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों को जिले में नियमित एवं सघन छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश दिए हैं, जिससे किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित