मोतिहारी , जुलाई 19 -- पूर्वी चंपारण पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में संचालित एक अवैध मिनी कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 500 से अधिक निर्मित एवं अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए हैं तथा इस धंधे से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में अवैध कारतूस की अंतर-जिला स्तर पर आपूर्ति किए जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में अवैध कारतूस निर्माण की गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाया गया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चकिया एवं पकड़ीदयाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई, जिसमें मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया, फेनहारा थाना तथा जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) के पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की संयुक्त टीम ने ओझा टोला सहित विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार एवं कारतूस आपूर्ति करने वाले एक सक्रिय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
छापेमारी के दौरान चकिया के ओझा टोला और फेनहारा थाना क्षेत्र के मड़पा से कारतूस निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, मेटल शीट, गन पाउडर, नाइट्रिक एसिड, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन, चारकोल सहित बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ एवं अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार तैयार किए गए कारतूस विभिन्न क्षेत्रों में अपराधियों और अवैध हथियार कारोबारियों तक पहुंचाए जाते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित