अलवर , नवम्बर 08 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल में पेट्रोल डालते समय अचानक विस्फोट होने से एक दुकानदार झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश कुमार जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि वह अपनी दुकान के बाहर पेट्रोल रखकर बेचते हैं। इसी दौरान एक मोटर सवार व्यक्ति पेट्रोल डलवाने के लिए रमेश कुमार की दुकान पर पहुंचा। रमेश कुमार बोतल से मोटर साइकिल में पेट्रोल डाल रहे थे, तभी पास से गुजर रही एक कार में सवार व्यक्ति द्वारा जलती हुई सिगरेट बाहर फेंक दी गई।

सूत्रों ने बताया कि सिगरेट के संपर्क में पेट्रोल आने से अचानक बोतल में आग भड़क उठी और तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से रमेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। घायल दुकानदार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित