बैतूल , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में खेत से पानी की मोटर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेमरियाजोशी स्थित खेत में बने टीनशेड का ताला तोड़कर 5 अप्रैल की रात अज्ञात बदमाशों ने ओपल व्हील की पानी की मोटर चोरी कर ली थी। शिकायत मिलने पर 6 अप्रैल को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित मालवीय और राजेन्द्र सिंह रघुवंशी के रूप में हुई है, जो पाथाखेड़ा क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटर (कीमत लगभग 25 हजार रुपये), एक टीवीएस ज्यूपिटर स्कूटी (करीब 90 हजार रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। बरामद कुल संपत्ति की कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित