भिण्ड , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड के नई आबादी क्षेत्र में गुरुवार देर शाम दूध लेने जा रही महिला के गले से मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार सुनीता जैन ने बताया कि वह शाम करीब सात बजे घर से दूध लेने मार्केट जा रही थीं। घर से निकलने से पहले उन्होंने नई आबादी क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों को घूमते देखा था। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। कुछ देर बाद दोनों बाइक से गली की दूसरी तरफ चले गए।
सुनीता के अनुसार वह विनोद यादव के मकान के सामने पहुंची थीं, तभी दोनों बदमाश पीछे से बाइक पर आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों फरार हो गए। पुलिस ने मामला जांच में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित