शेखपुरा , नवंबर 04 -- बिहार में शेखपुरा की अदालत ने मोटरसाइकिल लूट के एक मामले में चार आरोपियों को तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सिविल कोर्ट के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रोहित कुमार ने मोटरसाइकिल लूट के एक मामले में चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड नहीं देने पर 15 दिनों के अतिरिक्त कारावास का आदेश दिया गया है।

मुख्य अभियोजन पदाधिकारी उपेंद्र कुमार चौधरी ने बुधवार को बताया कि मोटरसाइकिल लूट की यह घटना 29 मार्च 2024 की है। कसार थाना क्षेत्र के ससबहना गांव निवासी अंजय प्रसाद रात में खेत की सिंचाई के लिए अपने बोरिंग पर मोटर चालू करने जा रहे थे। इसी दौरान ससबहना और भौआड़ गांव के बीच एक मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।बदमाशों ने पहले वारसलीगंज जाने का रास्ता पूछकर उन्हें उलझाया और बाद में मारपीट कर मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। हमले में घायल अंजय प्रसाद किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे, जबकि बदमाश उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गये।

इस संबंध में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान नवादा जिले के पकड़ीवर्मा थाना क्षेत्र निवासी नीतीश कुमार, धमौल थाना क्षेत्र के कौशल कुमार और प्रदीप कुमार तथा शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र के बरूणी गांव निवासी राहुल कुमार की संलिप्तता सामने आयी। इस मामले में अदालत ने यह सजा सुनाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित